.
स
CG Liquor scam: ईडी ने भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को गिरफ्तार कर विशेष न्यायाधीश डमरूधर चौहान की विशेष कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उन्हें पांच दिन की ईडी रिमांड पर भेज दिया है।

ईडी दफ्तर के बाहर कांग्रेसियों का प्रदर्शन – फोटो : अमर उजाला
विस्तार
CG Liquor scam: प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने छत्तीसगढ़ के शराब घोटाला मामले में आज शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर छापेमार कार्रवाई की। ईडी ने भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को गिरफ्तार कर विशेष न्यायाधीश डमरूधर चौहान की विशेष कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उन्हें पांच दिन की ईडी रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड के दौरान ईडी शराब घोटाला मामले को लेकर चैतन्य बघेल से पूछताछ करेगी ।

इस मामले को लेकर भिलाई और रायपुर में कांग्रेसियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कोर्ट की कार्यवाही के दौरान पूर्व सीएम भूपेश बघेल जिला कोर्ट रायपुर पहुंच। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि वे बीजेपी सरकार की इस कार्रवाई के खिलाफ न डरेंगे ना झुकेंगे लड़ाई जारी रहेगी। चैतन्य बघेल के वकील फैजल रिजवी ने बताया कि ईडी की ओर से 5 दिन की रिमांड मांगी गई थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है। आज तक चैतन्य बघेल को एक भी समन जारी नहीं किया गया है। लक्ष्मी उर्फ पप्पू बंसल के बयान को आधार मानते हुए आज चैतन्य बघेल को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि आज चैतन्य बघेल का आज जन्मदिन था और सुबह जब वह पूजा कर रहे थे इस दौरान पूजा स्थल में जूते पहने हुए जाकर ईडी की टीम ने उन्हें गिरफ्तार किया। कोर्ट के सामने स हमने यह बात रखी है कि इससे धार्मिक भावना को ठेस पहुंची है। राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित ये गिरफ़्तारी है। ये हमने कोर्ट को बताया है।


दूसरी ओर बीजेपी ने इस मामले में भूपेश बघेल और उनके बेटे पर तंज कसते हुए ट्वीट कर लिखा है कि ‘बाप नंबरी, बेटा दस नंबरी!’ (अमर उजाला से साभार)





