

मरने से पहले का वीडियो हुआ वायरल
बीच सड़क पर ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा पिटाई और मरने से पहले पति का ससुरालियों द्वारा जहर देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसके आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत सात नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।विज्ञापन
सोनू के पिता की हो चुकी है पहले ही मौत
गांव इम्टौरी की सुखवीरी ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि काफी समय पहले उसके पति मूलचंद का देहांत हो चुका है। वह अपने दो विक्षिप्त पुत्र संजय व राजीव के साथ रहती हैं। जबकि उसका तीसरा पुत्र सोनू (33 वर्षीय) अपनी पत्नी संतोष के साथ गांव स्थित अलग मकान में रहता था। सोनू की शादी जिला बुलंदशहर के थाना खुर्जा क्षेत्र के गांव मांचीपुर निवासी संतोष के साथ नवंबर 2024 में हुई थी।
आए दिन सोनू संग विवाद करती थी पत्नी
पीड़िता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही संतोष ने पीड़िता व उसके परिजनों को परेशान करना शुरू कर दिया। आए-दिन वह अपने पति सोनू के साथ विवाद करती रहती थी। सुखवीरी ने बताया कि बुधवार को भी दोनों में खाने को लेकर विवाद हो गया। जिस पर दोनों में कहासुनी हो गई।
पत्नी ने बुला लिए घरवाले
संतोष ने इस मामले की जानकारी अपने मायके वालों को दे दी। जिसके बाद बुधवार दोपहर बाद सोनू का ससुर पिता टेक चंद, सास कृपली, साला केशव व ऋषभ उर्फ निखिल, बुलंदशहर के मूडाखेड़ा निवासी साढू ऋषि उर्फ ऋषभ और योगेश गांव इम्टौरी पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर घर में घुसकर सोनू पर हमला बोल दिया। विरोध करने पर सोनू व उसके बचाव में आए परिजनों को लाठी-डंडों और बेल्ट से पीटा।
हाईवे पर दौड़ा दौड़ाकर पीटा
आरोप है कि आरोपी सोनू को घसीटकर घर के बाहर रास्ते पर ले आए और उसे लात घूसों से जमकर पीटा। जान बचाने के लिए सोनू ने हाईवे पर दौड़ लगाई, लेकिन आरोपियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया और उसे लाठी डंडों से जमकर पीटा और इसके बाद उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया और उसे कहीं छोड़कर फरार हो गए।
गांव के पास ही पड़ा मिला सोनू, परिजनों ने अस्पताल में कराया भर्ती
मामले में सोनू की दौड़ा दौड़ाकर पिटाई का भी एक वीडियो वायरल हुआ है। हाईवे पर आरोपी उसे दौड़ा दौड़ाकर पीट रहे हैं। इस दौरान वीडियो बनाने वालों के साथ भी ससुराल वालों ने हाथापाई की। जहर देने के बाद आरोपी फरार हो गए। जिसके बाद गंभीर हालत में परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। इससे पहले सोनू ने बताया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे जबरन जहर पिला दिया है। यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। परिजन सोनू को लेकर हापुड़ के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उसकी हालत को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस का बयान
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि मामले में मृतक की मां की तहरीर के आधार पर सोनू की पत्नी समेत सात नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


