India Press Briefing Analysis: पाकिस्तान ने हाई स्पीड मिसाइल दागी, जवाब में भारत ने छह जगहों पर उसकी कमर तोड़ी
न
स
विदेश मंत्रालय ने शनिवार को प्रेस ब्रीफिंग कर पाकिस्तान के नापाक इरादों और दुष्प्रचार का पर्दाफाश किया। इस दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा हालातों की जानकारी दी गई। इसके अलावा पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जवाबी कार्रवाई और उससे पड़ोसी को नुकसान की बात भी बताई गई। भारत ने यह भी साफ किया कि हमारे सशस्त्र बल तनाव बढ़ाना नहीं चाहते, लेकिन शर्त यह है कि पाकिस्तान भी ऐसा ही बर्ताव करे। आइए समझते हैं इस प्रेस की ब्रीफिंग को बारीकी से…

भारत की पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई – फोटो : Amar Ujala
विस्तार
‘ऑपरेशन सिंदूर’ से बौखलाए पाकिस्तान की कायरना हरकतों को लेकर विदेश मंत्रालय ने शनिवार को सुबह 10:30 और 11 बजे के बीच एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने एक बार फिर पाकिस्तान की नापाक हरकतों का पर्दाफाश किया। इस दौरान विक्रम मिस्री ने कहा, ‘पिछले दो-तीन प्रेस ब्रीफिंग में बताया गया है कि पाकिस्तान की हरकतें तनाव को बढ़ाने का काम कर रही हैं। पाकिस्तान हमें उकसाने का काम कर रहा है। आज सुबह दोबारा पाकिस्तान ने उकसाने वाला और तनाव बढ़ाने वाली हरकतें कीं, हम उसका पूरे संयम के साथ उचित जवाब दे रहे हैं।’
इस दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया, ‘पाकिस्तानी सेना ने पश्चिमी सीमाओं पर लगातार आक्रमक गतिविधियां जारी रखी हैं। उसने ड्रोन, लंबी दूरी के हथियार, युद्धक हथियार और लड़ाकू विमानों का उपयोग कर भारतीय सैन्य ढांचे को निशाना बनाया। अंतरराष्ट्रीय सीमा और LoC पर 26 से अधिक स्थानों पर हवाई घुसपैठ के प्रयास किए गए। भारतीय सशस्त्र बलों ने अधिकांश खतरों को सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया। पाकिस्तान ने पंजाब के एयरबेस को निशाना बनाने के लिए रात 1:40 बजे हाई-स्पीड मिसाइलों का इस्तेमाल किया। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के हथियार भंडार और सैन्य ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की। पाकिस्तान लाहौर से नागरिक विमानों की आड़ लेकर हमले कर रहा है। ऐसे में भारत ने नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सटीकता से कार्रवाई की।’
पाकिस्तान किन हथियारों का इस्तेमाल कर रहा?
पाकिस्तान की सेना ने पूरे पश्चिमी मोर्चे पर लगातार आक्रामक गतिविधियां जारी रखी हैं। इसमें मानवरहित लड़ाकू ड्रोन, लंबी दूरी वाले हथियार, लॉयटरिंग म्यूनिशंस (एक तरह के सुसाइड ड्रोन) और लड़ाकू विमानों का उपयोग कर भारत सैनिक ढांचे को निशाना बनाया।

क्या पाकिस्तान ने मिसाइलें भी दागीं?
इसका जवाब है- हां। कर्नल कुरैशी ने अपनी प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि पाकिस्तान ने हाई स्पीड मिसाइल का रात 1:40 बजे पंजाब के एयरबेस स्टेशनों पर निशाना साधने की कोशिश की। यह निंदनीय और गैर-पेशेवर है।
कहां हो रहे हमले?
नियंत्रण रेखा पर भी ड्रोन के जरिए घुसपैठ की कोशिश की और भारी तोपों से गोलाबारी की। अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर श्रीनगर से नलिया तक 26 से ज्यादा स्थानों पर हवाई घुसपैठ के प्रयास किए गए। फिर भी उधमपुर, पठानकोट, आदमपुर, भुज और बठिंडा जैसे स्टेशनों पर उपकरण और लोगों को हानि पहुंचाने का प्रयास किया। श्रीनगर, अवंतीपुरा और उधमपुर के वायुसेना अड्डों पर स्थित चिकित्सा केंद्रों और स्कूल परिसरों को निशाना भी बनाया। इससे रिहाइशी इलाकों पर हमला करने की उसकी गैर-जिम्मेदाराना प्रवृत्ति फिर उजागर हुई।

भारत ने क्या किया?
भारतीय सशस्त्र बलों ने अधिकांश खतरों को सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया है। हमने त्वरित और सुनियोजित जवाबी हमले किए हैं। तकनीकी प्रतिष्ठान, कमांड और कंट्रोल केंद्र, रडार साइट्स और हथियार भंडारों को चुनकर निशाना बनाया गया। रफीकी, मुरीद, चकलाला, रहमयार खान, सुक्कूर और चुनियांन स्थित पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों पर एयर लॉन्चिंग सटीक हथियारों और लड़ाकू जेट से प्रहार किए गए। पसरुर रडार साइट और सियालकोट स्थित एविएशन बेस को टारगेट किया गया। इस कार्रवाई के दौरान ने कम से कम कोलेट्र्ल डैमेज की क्षति सुनिश्चित की।
पाकिस्तान क्या हरकतें कर रहा?
चिंता का विषय यह है कि पाकिस्तान ने लाहौर से उड़ान भरने वाले नागरिकों की आड़ लेकर अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्गों का दुरुपयोग किया। ऐसी चालों ने भारतीय वायु प्रतिरक्षा तंत्र को नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए अत्यधिक संयम के साथ कार्य करने के लिए विविश किया।
पाकिस्तान किस तरह झूठी खबरें फैला रहा?
ब्रीफिंग के दौरान विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने एक-एक कर पाकिस्तान के झूठ का पर्दाफाश किया। विदेश सचिव ने कहा कि पाकिस्तान झूठ और प्रोपेगैंडा फैला रहा है। यह पाकिस्तानी सरकारी एजेंसियों द्वारा फैलाया जा रहा है। पाकिस्तान ने एक झूठा दावा किया है कि एक भारतीय मिसाइल ने अफगानिस्तान को निशाना बनाया है। यह पूरी तरह से फर्जी और बेबुनियाद आरोप है। पाकिस्तान ने दावा किया है कि भारत के कई सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचा है, ये सरासर झूठ है। सिरसा, सूरतगढ़ एयरबेस को नुकसान के दावे पूरी तरह से गलत हैं। आदमपुर में एस400 बेस को बर्बाद करने का दावा भी गलत है। दावा किया गया कि भारत के अहम इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे- पावर सिस्टम, साइबर सिस्टम को नुकसान पहुंचाया गया है, बर्बाद किया गया है, पूरी तरह से गलत है। प्रेस ब्रीफिंग के दौरान इन एयरबेस की तस्वीरें भी दिखाई गईं कि वहां सबकुछ सामान्य है। पाकिस्तान ने दावा किया है कि भारत श्री अमृतसर साहिब की तरफ मिसाइल दाग रहा है, ये बचकाने आरोप हैं और ये देश को बांटने की साजिश है।

कहां गोलाबारी तेज हो रही है?
नियंत्रण रेखा पर तोपखाना और गोलाबारी के कई प्रयास किए। कुपवाड़ा, बारामूला, पुंछ, राजौरी और अखनूर सेक्टर्स में तोप, मोर्टार और हल्के हथियारों से भीषण गोलाबारी जारी है। भारतीय सेना ने प्रभावी और तुलनात्मक प्रति-उत्तर देते हुए पाकिस्तान सेना को काफी क्षति पहुंचाई है।
पाकिस्तान को भारत ने क्या चेतावनी दी?
विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने कहा, ‘भारी नुकसान झेलने के बाद भी सरहद पर पाकिस्तान तैनाती बढ़ा रहा है। पाकिस्तानी सेना अपने सैनिकों को अग्रिम क्षेत्रों की ओर ले जाती हुई देखी गई है। इससे उसकी हालात को और बिगाड़ने और तनाव को और अधिक आक्रामक बनाने की मंशा को दर्शाता है। भारतीय सशस्त्र बल पूरी ताकत और संयम के साथ काम कर रहे हैं। हमने सभी शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों का प्रभावी ढंग से मुकाबला किया है। उसी के अनुरूप जवाब भी दिया है। भारतीय सशस्त्र बल तनाव नहीं चाहते हैं, बशर्ते कि पाकिस्तान पक्ष भी ऐसा ही करे।
विदेश सचिव ने और क्या कहा?
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि पाकिस्तानी उकसावे और संघर्ष को बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। भारत द्वारा पाकिस्तान की कार्रवाई का संयमित तरीके से पूरी सटीकता से जवाब दिया जा रहा है। विदेश सचिव ने कहा कि पाकिस्तान नागरिक ठिकानों को निशाना बना रहा है और खासकर जम्मू और पंजाब में हमले किए जा रहे हैं। आज सुबह भी पाकिस्तान ने राजौरी में गोलीबारी की, जिसमें एक प्रशासनिक अधिकारी की मौत हो गई। साथ ही जालंधर और फिरोजपुर में भी हमले हुए हैं।
य.

