Tej Pratap Yadav: ‘मम्मी-पापा… मेरी दुनिया आप में ही समाई’, लालू के एक्शन के बाद तेज प्रताप का भावुक पोस्ट

Spread the love

Tej Pratap Yadav: ‘मम्मी-पापा… मेरी दुनिया आप में ही समाई’, लालू के एक्शन के बाद तेज प्रताप का भावुक पोस्ट
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना Published by: अभिषेक दीक्षित Updated Sun, 01 Jun 2025 07:17 AM IST
सार
तेज प्रताप यादव ने रविवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भावुक पोस्ट साझा किया। लालू यादव के बड़े बेटे की ओर से लिखी गई चंद लाइनों में अपने पिता यानी राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो और मां राबड़ी देवी के लिए बहुत कुछ बयां किया गया। उनका यह पोस्ट ऐसे वक्त आया, जब हाल ही में लालू ने उन्हें पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया था।
‘Mummy-Papa… my world is limited to you two only Tej Pratap emotional post after Lalu Yadav action
तेज प्रताप यादव – फोटो : Amar Ujala
विस्तार
राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने रविवार को अपने पिता और मां के लिए एक भावुक पोस्ट किया। पोस्ट में उन्होंने खुद को राजनीति का शिकार बताया और बिना नाम लिए उनके खिलाफ सियाशी साजिश रचने वालों पर निशाना भी साधा। उन्होंने उन्होंने माइक्राब्लॉगिंग साइट ‘एक्स’ पर लिखा, मेरे प्यारे मम्मी पापा… मेरी सारी दुनिया बस आप दोनों में ही समाई है। भगवान से बढ़कर है आप और आपका दिया कोई भी आदेश। आप है तो सब कुछ है मेरे पास। मुझे सिर्फ आपका विश्वास और प्यार चाहिए न कि कुछ और। पापा आप नहीं होते तो न ये पार्टी होती और न मेरे साथ राजनीति करने वाले कुछ जयचंद जैसे लालची लोग। बस मम्मी पापा आप दोनों स्वस्थ और खुश रहे हमेशा।

यह भी पढ़ें- लालू के बेटे तेजप्रताप यादव चर्चा में, राजद प्रमुख के परिवार में किसका कैसा सियासी कद?

छह साल के लिए पार्टी से निलंबित, परिवार से भी दूर
इससे पहले 25 मई को पूर्व मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के विधायक तेज प्रताप यादव को राष्ट्रीय जनता दल से निकाल दिया गया था। तेज प्रताप को छह साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। लालू ने उन्हें परिवार से भी दूर कर दिया थ। लालू ने ‘एक्स’ पर लिखा था, ‘निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमजोर करता है। ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है। अतएव उपरोक्त परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूं। अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी। उसे पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित किया जाता है।’

तेज के अकाउंट से हुए पोस्ट ने मचा दिया था घमासान
इससे 24 मई को तेज प्रताप यादव के ऑफिशियल फेसबुक अकाउंट पर शेयर किए गए पोस्ट ने बवाल मचा दिया था। पोस्ट में तेज प्रताप एक लड़की के साथ दिख रहे थे। इसमें लिखा गया था कि हम दोनों पिछले 12 सालों से एक दूसरे को जानते हैं। प्यार भी करते हैं। पिछले 12 साल से हम रिलेशन में हैं। मैं बहुत दिनों से आप लोगों से यह बात कहना चाहता था पर समझ नहीं आ रहा था कि कैसे कहूं….? इसलिए आज इस पोस्ट के माध्यम से अपने दिल का बात आप सब के बीच रख रहा हूं! आशा करता हूं कि आप लोग मेरी बातों को समझेंगे।

यह भी पढ़ें- लालू यादव ने बेटे तेज प्रताप को छह साल के लिए पार्टी से निकाला, कल एक महिला के साथ वायरल हुई थी पोस्ट

बवाल हुआ तो डिलीट कर दिया गया पोस्ट
पोस्ट को लेकर बवाल हुआ तो यह सोशल मीडिया से गायब कर दिया गया। तेज प्रताप यादव के अकाउंट से ही इसे डिलीट कर दिया गया। हालांकि, तब तक इसके स्क्रीनशॉट लोगों ने सुरक्षित कर लिए। देखते ही देखते पोस्ट की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी। मीडिया में भी इसक खूब चर्चा हुई।

तेज प्रताप की सफाई- मेरा अकाउंट हैक हो गया था
मामले को तूल पकड़ता देख तेज प्रताप ने ‘एक्स’ पर अकाउंट हैक होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘मेरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को हैक कर लिया गया था। मेरी तस्वीरों को गलत तरीके से एडिट कर मुझे और मेरे परिवार वालों को परेशान और बदनाम किया जा रहा है। मैं अपने शुभचिंतको और फॉलोवर्स से अपील करता हूं कि वे सतर्क रहें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।(‘ अमर उजाला साभार)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *