न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुवाहाटी Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Mon, 07 Jul 2025 11:57 PM IST
सारअसम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा और कांग्रेस नेता गौरव गोगोई में कार्बी आंगलोंग के नेता तुलीराम रोंगहांग को लेकर जुबानी जंग छिड़ गई है। जहां गोगोई ने रोंगहांग पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। वहीं, सीएम सरमा ने उन्हें एक सम्मानित नेता बताया और कहा कि रोंगहांग को बदनाम करने की कोशिशें नाकाम होंगी।

हिमंत बिस्व सरमा और गौरव गोगोई – फोटो : ANI
विस्तार
कार्बी आंगलोंग के नेता तुलीराम रोंगहांग पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा और कांग्रेस नेता गौरव गोगोई के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है। सीएम सरमा ने सोमवार को दावा किया रोंगहांग को बदनाम करने की कोशिशें नाकाम होंगी। उन्होंने कहा कि ये कोशिशें पाकिस्तान जैसी शत्रुतापूर्ण ताकतों के इशारे पर की जा रही हैं।
सरमा का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब एक दिन पहले ही गोगोई ने डिफू में एक निर्माणाधीन इमारत के सामने एक वीडियो जारी किया था। गोगोई ने आरोप लगाया था कि यह इमारत मुख्यमंत्री सरमा के एक करीबी दोस्त की है और इसे भ्रष्ट तरीके से बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह दिल्ली के ‘शीश महल’ से कहीं बड़ा है, जिस पर एक पूर्व सीएम का कब्जा था।’
बता दें कि गोगोई पिछले साल दिल्ली विधानसभा चुनावों के दौरान भाजपा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बंगले को ‘शीश महल’ कहे जाने का जिक्र कर रहे थे।
ये भी पढ़ें: DRDO: भारतीय सेना की ताकत बढ़ाएगा देशी तोप एटीएजीएस, 48 KM तक मार करने की क्षमता; 307 तोपों का दिया गया ऑर्डर
कार्बी आंगलोंग और उसके लोग लगातार तरक्की कर रहे
सीएम सरमा ने गोगोई का नाम लेने से बचते हुए कहा कि कार्बी आंगलोंग और उसके लोग लगातार तरक्की कर रहे हैं। आंगलोंग के लोगों के बीच ‘प्रगति की भावना को कोई भी चीज कमजोर नहीं कर सकती।’ सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘तुलीराम रोंगहांग एक सम्मानित नेता हैं, जो कार्बी के एक साधारण गांव से उठकर कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य बने। उनके नेतृत्व में, इस क्षेत्र ने अभूतपूर्व विकास के साथ-साथ स्थायी शांति और स्थिरता देखी है।’
सबसे विकसित मुख्यालयों में गिना जाता है डिफू: सरमा
सीएम सरमान ने कहा कि डिफू को सबसे विकसित मुख्यालयों में से एक माना जाता है, जो कार्बी लोगों के प्रति रोंगहांग के दृष्टिकोण और समर्पण का प्रमाण है। सीएम सरमान ने यह भी आरोप लगाया कि जो लोग रोंगहांग को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, वे दुश्मन देशों के इशारे पर काम कर रहे हैं। यह टिप्पणी उन्होंने संभवतः गोगोई के लिए की थी, जिन पर वे पहले भी ब्रिटिश पत्नी के जरिए पाकिस्तान से संबंध होने के आरोप लगा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘कार्बी आंगलोंग के लोग एकजुट हैं और कड़ी मेहनत से अर्जित शांति की रक्षा करने और अधिक प्रगति की ओर अपनी यात्रा जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’
ये भी पढ़ें: Telangana: हैदराबाद के चार सदस्यीय परिवार की US में मौत; छुट्टियां मनाने गए थे, ट्रक से टकरा कर कार में लगी आग
सीएम सरमा की टिप्पणी पर गोगोई का पलटवार
सीएम सरमा की टिप्पणी पर गौरव गोगोई ने पलटवार किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘आज हिमंत बिस्वा सरमा उन लोगों का बचाव करने में व्यस्त हैं, जिन्होंने मवेशियों के लिए बनाई गई सरकारी योजनाओं के जरिए पैसे लूटे हैं, कोयला और सुपारी सिंडिकेट में शामिल हैं और दिल्ली के शीश महल से भी बड़ी हवेलियां बनवाई हैं।’ गोगोई ने दावा किया कि मुख्यमंत्री की क्लीन चिट का सर्टिफिकेट शून्य है। असम के लोग लूट और भ्रष्टाचार के सरदार और उनके गिरोह को बाहर कर देंगे। (अमर उजाला से साभार)
संबंधित वीडियो
ये भी पढ़ें…

Assam: असम में आदिवासी भूमि अधिकारों को लेकर राजनीतिक टकराव तेज, कांग्रेस ने भाजपा को बताया रियल एस्टेट ब्रोकर

