Gorakhpur News: रास्ते में रोक करता है छेड़खानी…अस्सलाम व अलेकुम बोल खुदकुशी की देता है धमकी

विज्ञापन
शाहपुर इलाके की एक युवती सिरफिरे युवक से परेशान, पुलिस ने दर्ज किया केस
डर के चलते घर से नहीं निकल पाती युवती, सोशल मीडिया पर बदनाम करने की देता है धमकी
गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र में 18 साल की एक युवती सिरफिरे युवक से परेशान हो गई है। युवक आए दिन लड़की को रास्ते में रोककर छेड़खानी करता है। विरोध करने पर सोशल मीडिया पर बदनाम करता है। साथ ही इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाकर अस्सलाम व अलेकुम बोलते हुए खुदकुशी की धमकी भी देता है। इस मामले में शाहपुर पुलिस ने रेलवे काॅलोनी शाहपुर के गोलू खान और उसके परिवार के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
शाहपुर इलाके की युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गोलू खान मनबढ़ है। हमेशा रास्ते पर आते-जाते रोककर छेड़खानी करता है। कहता है कि वह उसे बहुत पसंद करता है। इससे वह परेशान हो गई है। अब वह घर से भी नहीं निकल पाती। पीड़ित युवती ने बताया कि वह दूसरे समुदाय की है। आरोपी को कई बार समझाया कि उसके पीछे मत आया करे। लोकलाज की वजह से किसी से शिकायत भी नहीं कर पा रही थी।
विज्ञापन
पीड़िता ने बताया कि उसकी खामोशी से गोलू की हरकतें और बढ़तीं चली गईं। 17 जुलाई को वह कहीं जा रही थी कि गोलू गाड़ी लेकर आ गया। वह उसे साथ चलने के लिए कहने लगा। इन्कार करने पर गालियां देने लगा। समझाने पर गोलू और उग्र हो गया। उसने जबरन ले जाने की कोशिश की। किसी तरह से बचकर निकली।
सोशल मीडिया पर कर रहा बदनाम
युवती ने बताया कि इधर वह कुछ दिनों से घर से बाहर नहीं निकल रही है। आरोपी अब इंस्टाग्राम पर तीन आईडी से पोस्ट कर उसे बदनाम कर रहा है। उसने कई वीडियो बनाए हैं। उसमें उसका नाम लेकर अश्लील बातें कह रहा है। पूरा परिवार परेशान है। इंस्टाग्राम पर गोलू ने ढेर सारे वीडियो पोस्ट किए हैं। कई वीडियो में वह उसका नाम लेकर खुदकुशी की धमकी दे रहा है। शाहपुर थाना प्रभारी नीरज राय ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
विज्ञापन
