​नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई, डेंगू और मलेरिया के विरुद्ध घर-घर जागरूकता

Spread the love


द 06/05/2026

​नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई, डेंगू और मलेरिया के विरुद्ध घर-घर जागरूकता

​भिलाई 06/05/2026 [ P Mohan] निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय के निर्देशानुसार ​नगर पालिक निगम भिलाई अंतर्गत मच्छर जनित रोगों के उन्मूलन और जन-जागरूकता के लिए जोन-3 मदर टेरेसा नगर में व्यापक अभियान चलाया गया। वार्ड-35, शारदा पारा स्थित कुष्ठ बस्ती एवं भैरव बस्ती में निगम के विशेष दस्ते और जिला मलेरिया विभाग के सर्वेलेंस कार्यकर्ताओं की संयुक्त टीम ने घर-घर जाकर गहन सर्वेक्षण किया।
​​टीम ने प्रत्येक घर में कूलर, पानी की टंकियों, ड्रमों और पुराने कंटेनरों की बारीकी से जांच की। जहां भी मच्छरों का प्रजनन (लार्वा) पाया गया, उस जमा पानी को तुरंत खाली करवाया गया। ​मच्छर लार्वा के नियंत्रण के लिए एक्यूगार्ड का छिड़काव किया गया। ​वयस्क मच्छरों को खत्म करने के लिए स्प्रेयर पंप के माध्यम से मैलाथियान का छिड़काव सुनिश्चित किया गया।
​बस्तियों की पक्की और कच्ची नालियों में ठहरे हुए पानी पर भी कीटनाशकों का उपयोग किया गया।
​ सर्वे के दौरान नागरिकों को मच्छरदानी का उपयोग करने, घर के आसपास पानी न जमने देने और व्यक्तिगत सुरक्षा के उपायों के बारे में स्वास्थ्य शिक्षा दी गई। साथ ही, बचाव संबंधी जानकारी से युक्त पाम्पलेट का वितरण भी किया गया।
​नगर निगम प्रशासन ने अपील की है कि नागरिक अपने घरों के आसपास सफाई रखें और सप्ताह में कम से कम एक बार अपने कूलर और पानी के बर्तनों को सुखाकर साफ करें, ताकि मच्छर जनित बीमारियों के प्रसार को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *