न
Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुई एयर इंडिया की उड़ान एआई 171 का ब्लैक बॉक्स मिल गया है। दमकल और पुलिस टीमें विशेष उपकरणों के साथ मेघाणीनगर में मलबे में खोजबीन कर रही थी।

अहमदाबाद में विमान हादसा। – फोटो : पीटीआई (फाइल)
विस्तार
गुजरात के अहमदाबाद में दुर्घटना की शिकार हुई एयर इंडिया की उड़ान एआई 171 का ब्लैक बॉक्स मिल गया है। विमानन मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। मंत्रालय ने बताया कि ब्लैक बॉक्स को इमारत की छत से बरामद किया गया। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने हादसे के तुरंत बाद पूरी ताकत से जांच शुरू कर दी थी। राज्य सरकार के 40 से अधिक कर्मचारी भी मौके पर मौजूद विमानन मंत्रालय की टीमों के साथ मिलकर राहत और जांच कार्य में जुटे हुए हैं। मंत्रालय ने बताया कि डीएफडीआर को छत से बरामद किया गया है।
इससे पहले, पुलिस और दमकल अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि इस ब्लैक बॉक्स का विश्लेषण हादसे की वजहों को समझने में अहम भूमिका निभाएगा।
अहमदाबाद के दमकल अधिकारियों ने बताया कि मेटल कटर जैसे खास उपकरणों से लैस एक टीम को मेघाणीनगर इलाके में दुर्घटनास्थल पर भेजा गया था। यह इलाका हवाई अड्डे के पास स्थित है, जहां गुरुवार दोपहर बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। जहां पर काफी मशक्कत के बाद टीम ब्लैक बॉक्स को खोजने में सफल रही।
ये भी पढ़ें: पूर्व सीएम के परिवार से मिले पीएम मोदी, विजय रूपाणी का कल विमान हादसे में निधन हो गया था
पहले सूत्रों ने बताया कि जिस बी.जे. मेडिकल कॉलेज के छात्रावास पर विमान गिरा था, वहां के सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर पुलिस ने जब्त किया गया। डीवीआर एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण होता है, जो सीसीटीवी कैमरों की वीडियो रिकॉर्डिंग को सेव करता है।
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें विमान का ब्लैक बॉक्स खोजने में मदद के लिए कहा गया था। दमकल विभाग के उप प्रमुख ध्रुमित गांधी ने बताया था कि उनकी टीम ने फॉरेंसिक और विमानन विशेषज्ञों के साथ मिलकर ब्लैक बॉक्स ढूंढ़ने में मदद की। इस टीम मेटल कटर जैसे विशेष उपकरण थे।
ये भी पढ़ें: Air India Tragedy: 22 वर्षीय केबिन क्रू इरफान के थे बड़े सपने, चाचा बोले- हादसे के बाद सब कुछ बिखर गया
ब्लैक बॉक्स एक छोटा उपकरण होता है, जो विमान की उड़ान के दौरान की सारी जानकारी रिकॉर्ड करता है। यह किसी भी विमान दुर्घटना की जांच में अहम भूमिका निभाता है। यह विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था और इसमें 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे।
गुरुवार दोपहर 1 बजकर 39 मिनट पर सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद यह विमान मेघाणीनगर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना के वक्त विमान को अचानक नीचे गिरते हुए देखा गया और फिर वह आग के गोले में बदल गया। वहां से काले धुएं का गुबार आसमान में उठता दिखाई दिया। (अमर उजाला साभार)



