Live
वर्ल्ड
खास बातें
पश्चिम एशिया की धरती पर जंग की आहट अब और तेज हो गई है। इस्राइल और अमेरिका के ईरान पर लगातार हमले और ईरान की जवाबी कार्रवाई पांचवें दिन भी जारी है। बमबारी तेज है और ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि यह अभियान कई हफ्तों तक चल सकता है। ऐसे में हालात बिगड़ते देख अमेरिकी गृह विभाग ने पश्चिम एशिया छोड़ना चाहने वाले अमेरिकियों के लिए तैयारी शुरू कर दी है। पश्चिम एशिया में तनाव से जुड़े सभी अपडेट्स इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें…
पहले दिन का पूरा घटनाक्रम यहां पढ़िए: Israel-Iran War Live: हमलों के बीच रुबियो का इस्राइल दौरा रद्द; ईरान अपनी गलतियों का नतीजा भुगत रहा- हेगसेथ
दूसरे दिन का पूरा घटनाक्रम यहां पढ़िए:- Israel-Iran War News LIVE: हालिया हमलों में सात ईरानी सैन्य कमांडरों की मौत; तेहरान के अस्पताल पर भीषण हमला
तीसरे दिन का पूरा घटनाक्रम यहां पढ़िए: Israel-Iran War LIVE: ट्रंप की ईरान को चेतावनी, कहा- असली हमले अभी बाकी; ईरानी सुरक्षा प्रमुख बोले- हम तैयार
चौथे दिन का पूरा घटनाक्रम यहां पढ़िए: West Asia Crisis LIVE: ईरान में नई सरकार पर ट्रंप ने दिए बड़े संकेत; दुबई, दोहा और अबूधाबी में धमाकों से दहशत

ईरान संकट – फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्सविज्ञापन
लाइव अपडेट
07:40 PM, 04-Mar-2026
अमेरिका के दबाव के आगे नहीं झुकेंगे- स्पेन की उप प्रधानमंत्री
स्पेन की उप प्रधानमंत्री मारिया जीसस मोन्टेरो ने कहा है कि उनका देश अमेरिका का “वसल” नहीं बनेगा और किसी भी तरह की धमकी को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने यह बयान उस विवाद के बीच दिया जब अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर स्पेन अपने सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल ईरान पर हमलों के लिए नहीं करने देता तो अमेरिका व्यापारिक संबंध खत्म कर सकता है। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने भी कहा कि यह संघर्ष दुनिया के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।
07:40 PM, 04-Mar-2026
तेल अवीव के पास इस्राइली सैन्य ठिकाने पर ड्रोन हमला
हिज्बुल्ला ने दावा किया है कि उसने तेल अवीव के दक्षिण-पूर्व में स्थित इस्राइली सैन्य अड्डे ‘तेल हाशोमर बेस’ पर ड्रोन से हमला किया है। संगठन के बयान के अनुसार उसके लड़ाकों ने आज एक ड्रोन का झुंड भेजकर इस ठिकाने को निशाना बनाया। हिज्बुल्लाह ने कहा कि यह कार्रवाई लेबनान के कई शहरों और बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर इस्राइली हमलों के जवाब में की गई। वहीं इस्राइली सेना ने कहा कि लेबनान से दागे गए कई ड्रोन को रास्ते में ही रोक लिया गया।
07:02 PM, 04-Mar-2026
ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाला सरगना मारा गया- अमेरिकी रक्षा मंत्री
अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या की कथित साजिश के पीछे मौजूद सरगना को मार गिराया गया है। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों और सैन्य बलों के संयुक्त अभियान के दौरान की गई। हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका अपने नेताओं की सुरक्षा को लेकर किसी भी खतरे को बर्दाश्त नहीं करेगा और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। हालांकि ऑपरेशन के स्थान और अन्य विवरण अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
07:02 PM, 04-Mar-2026
पश्चिम एशिया संकट के बीच 80 छात्र समेत दुबई से लौटे 111 भारतीय
पश्चिम एशिया में अमेरिका-इस्राइल-ईरान संघर्ष के कारण दुबई में फंसे पुणे जिले के 111 लोग सुरक्षित भारत लौट आए हैं। प्रशासन के अनुसार लौटने वालों में पुणे के इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज के 80 छात्र और चार फैकल्टी सदस्य शामिल हैं। जिले के कुल 184 लोग दुबई में फंसे थे, जिनमें से बाकी लोगों को वापस लाने की प्रक्रिया जारी है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पहल पर विशेष उड़ानों के जरिए यात्रियों को मुंबई लाया गया।
06:46 PM, 04-Mar-2026
ईरान संकट के बीच अमेरिका ने बढ़ाई सैन्य मौजूदगी, और फोर्स भेजी जा रही- रक्षा मंत्री
अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका मध्य पूर्व में अपनी सैन्य ताकत बढ़ा रहा है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि क्षेत्र में और सैनिक और सैन्य संसाधन भेजे जा रहे हैं। हेगसेथ ने कहा कि यह संघर्ष अभी शुरुआती चरण में है और अमेरिका जीत सुनिश्चित करने के लिए जितना समय लगेगा उतना लेगा। उन्होंने दोहराया कि राष्ट्रपति ट्रंप के निर्देश पर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
06:40 PM, 04-Mar-2026
ईरान संकट पर संयम की जरूरत, ब्रिटेन को ‘कूल हेड’ से काम लेना होगा- स्टारमर
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने कहा है कि ईरान से जुड़े बढ़ते संकट के बीच ब्रिटेन को शांत और संतुलित तरीके से काम लेना होगा। उन्होंने संसद में कहा कि मौजूदा हालात में स्पष्ट रणनीति और ठंडे दिमाग से फैसले लेने की जरूरत है। स्टारमर ने बताया कि ब्रिटेन क्षेत्र में सैन्य तैयारियों को लेकर अमेरिका के साथ लगातार संपर्क में है। इसमें एयर डिफेंस सिस्टम, काउंटर-ड्रोन तकनीक और एफ-35 लड़ाकू विमानों की तैनाती जैसे कदम शामिल हैं।विज्ञापन
06:40 PM, 04-Mar-2026
स्पेन के समर्थन में उतरा यूरोपीय संघ, ट्रंप की धमकियों के बीच जताई एकजुटता
यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज से बातचीत कर यूरोपीय संघ की पूरी एकजुटता जताई है। कोस्टा ने कहा कि यूरोपीय संघ अपने सदस्य देशों के हितों की रक्षा के लिए हमेशा खड़ा रहेगा। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने स्पेन को चेतावनी दी है कि अगर वह ईरान पर हमलों से जुड़े सैन्य अभियानों के लिए अपने सैन्य ठिकाने इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं देता तो अमेरिका स्पेन के साथ व्यापार बंद कर सकता है।
06:40 PM, 04-Mar-2026
कतर में एलएनजी उत्पादन बंद, कतर एनर्जी ने खरीदारों के लिए ‘फोर्स मेज्योर’ घोषित किया
कतर एनर्जी ने अपने प्रभावित खरीदारों के लिए ‘फोर्स मेज्योर’ घोषित कर दिया है। इससे पहले कंपनी ने सैन्य हमलों के बाद एलएनजी और उससे जुड़े उत्पादों का उत्पादन रोकने की घोषणा की थी। कतरएनर्जी ने बताया कि रास लफान और मेसाईद इंडस्ट्रियल सिटी स्थित उसके संचालन केंद्रों पर हमलों के कारण यह फैसला लेना पड़ा। उत्पादन रुकने की खबर के बाद वैश्विक गैस बाजार में हलचल मच गई और डच तथा ब्रिटिश गैस कीमतों में करीब 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
06:01 PM, 04-Mar-2026
अमेरिका-इस्राइल हमलों में ईरान में मौत का आंकड़ा 1045 पहुंचा
अमेरिका और इस्राइल के हमलों के बीच ईरान में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,045 हो गई है। ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार यह आंकड़ा युद्ध शुरू होने के बाद लगातार बढ़ रहा है। अधिकारियों का कहना है कि कई शहरों में हमलों के कारण भारी नुकसान हुआ है। वहीं राहत और बचाव दल प्रभावित इलाकों में काम कर रहे हैं और घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।
06:01 PM, 04-Mar-2026
ईरान की चेतावनी, क्षेत्र के सैन्य और आर्थिक ढांचे को तबाह कर देंगे
ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने चेतावनी दी है कि यदि संघर्ष बढ़ता है तो पूरे क्षेत्र के सैन्य और आर्थिक ढांचे को पूरी तरह नष्ट कर दिया जाएगा। एपी की रिपोर्ट के मुताबिक ईरानी अधिकारियों ने कहा कि देश पर हमलों का कड़ा जवाब दिया जाएगा। सरकारी एजेंसी के अनुसार अब तक जारी युद्ध में कम से कम 1,045 लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।( अमर उजाला से साभार)
