
भिलाई। 30 अप्रेल.2026 I [ pmohan ] नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने जोन-4 खुर्सीपार क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर सिवरेज लाईन से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा प्रस्तावित कार्यों को समय पर प्रारंभ कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
निगम आयुक्त ने वार्ड क्रमांक 42 गौतम नगर में निर्माणाधीन सिवरेज लाईन का अवलोकन किया। कुछ स्थानों पर पाइप लाइन नागरिकों के घरों के समीप से गुजरने पर संबंधित रहवासियों को समझाइश दी गई। इसी प्रकार वार्ड 43 गुरु घासीदास नगर से जलाराम चौक तक प्रस्तावित सिवरेज लाईन संधारण कार्य के लिए स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भगत सिंह चौक, शिव मंदिर स्थित केनाल रोड पर चल रहे सिवरेज पाइप लाइन संधारण कार्य का भी अवलोकन किया गया। आयुक्त ने कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए इसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही हथखोज रोड के किनारे रिक्त स्थल का सौंदर्यीकरण करते हुए पेवर ब्लॉक लगाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, कार्यपालन अभियंता संजय वर्मा, उप अभियंता चंद्रकांत साहू, सहायक राजस्व अधिकारी बालकृष्ण नायडू एवं जोन स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत मांझी, स्वच्छता निरीक्षक अतुल यादव एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे ।
