
बेमेतरा 16 अप्रैल 2026/- [P.Mohan ] जिला कार्यालय बेमेतरा के एनआईसी कक्ष में आज ज्ञानभारतम् पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक जिला नोडल अधिकारी की उपस्थिति में संपन्न हुई, जिसमें विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद बेमेतरा, प्राचार्य शासकीय पंडित जवाहर लाल नेहरू कला एवं विज्ञान स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेमेतरा सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर संचालनालय पुरातत्त्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय रायपुर के पुरातत्ववेत्ता श्री प्रभात सिंह द्वारा पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) के माध्यम से अभियान के उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले की ग्राम पंचायतों में प्राचीन एवं महत्वपूर्ण पाण्डुलिपियों की पहचान, संकलन एवं दस्तावेजीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके लिए ग्राम पंचायत सचिवों को “GYAN BHARTAM MOBILE APP” के माध्यम से पंजीयन कर सर्वेक्षण कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया है। यह मोबाइल एप गूगल प्ले स्टोर पर निःशुल्क उपलब्ध है, जिसके माध्यम से पाण्डुलिपियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में भी सर्वेक्षण कार्य संबंधित निकाय प्रमुखों के माध्यम से संचालित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिले के समस्त महाविद्यालयों में इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक एवं सहायक प्राध्यापकों के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं द्वारा सर्वेक्षण एवं मोबाइल एप पंजीयन की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। इसी प्रकार जिले के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में कार्यरत इतिहास व्याख्याताओं को भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने हेतु निर्देशित किया गया है, ताकि निर्धारित समय-सीमा में सर्वेक्षण कार्य पूर्ण किया जा सके। बैठक के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों को अभियान में सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा अभियान को सफल बनाने हेतु समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया गया ‘





—
Thanks and Warm RegardsDistrict Public Relation OfficeJoint District Office Collectorate Bemetara (CG)Contact No- 07824-222120Email- bemetarapro@gmail.comWeb- http://dpr.choice.gov.in
